बलूचिस्तान पर पाकिस्तान का नियंत्रण खत्म-मेंगल
इस्लामाबाद | डेस्क: बलूचिस्तान में ट्रेन हाईजैक मामले के बाद बलूचिस्तान नेशनल पार्टी के अध्यक्ष और बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री अख़्तर मेंगल ने कहा है कि बलूचिस्तान में एक इंच भी जगह नहीं बची है, जहां सरकार अपने नियंत्रण का दावा कर सके.
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "वो इस लड़ाई को हार चुके हैं. पूरी तरह से और कभी वापसी न हो पाने की तरह. यह ख़त्म हो चुका है. हमने उन्हें चेतावनी दी थी. लेकिन हमारी बात सुनने के बजाय वो हम पर हंस रहे थे."
अख़्तर मेंगल ने लिखा- "पाकिस्तान में हर सरकार ने बिना किसी अपवाद के बलूचिस्तान के लोगों का व्यवस्थित नरसंहार किया है. यह एक ऐसा मुद्दा है जिस पर हर संस्थान, हर प्रशासन और हर तथाकथित नेता हमारे ख़िलाफ़ एक साथ खड़े नज़र आए हैं."
अख़्तर मेंगल का यह बयान सोशल मीडिया में छाया हुआ है.
पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ पार्टी ने कहा है कि अख़्तर मेंगल का यह बयान काफ़ी गंभीर है. ख़ुफिया एजेंसियों और सेना के जनरल को अपने काम की प्राथमिकताओं पर फिर से विचार करना चाहिए.
इधर पाकिस्तान में सुरक्षा सूत्रों ने कहा है कि बलूचिस्तान प्रांत में ट्रेन के हाईजैक होने के बाद यात्रियों को बचाने का उनका अभियान अब भी जारी है. अब तक 155 लोगों को बचा लिया गया है और 27 चरमपंथी मारे भी गए हैं.
यहां मंगलवार को यात्रियों से भरी एक ट्रेन पर हथियारबंद चरमपंथियों ने हमला कर यात्रियों को बंधक बना लिया था.