अखिलेश ने दागा सवाल, घुसपैठियों के लिये कौन जिम्मेदार?
रायपुर । संवाददाता: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सोमवार को रायपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने 'घुसपैठियों' को लेकर भाजपा के बार-बार दिए जाने वाले बयानों को पाखंड बताया और पूछा कि जब केंद्र में भाजपा 11 साल से सत्ता में है, तो यह मुद्दा कैसे उठ रहा है.
अखिलेश यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए सवाल उठाया, "दिल्ली में पिछले 11 साल से कौन सत्ता में है? वे अपनी ही सरकार पर आरोप लगा रहे हैं. अगर वे घुसपैठियों की बात कर रहे हैं, तो इसका मतलब है कि वे अपनी ही सरकार पर पिछले 11 सालों से घुसपैठियों को भेजने का आरोप लगा रहे हैं. अगर नक्सलवाद खत्म हो रहा है, तो वह केंद्रीय बलों की वजह से हो रहा है. मैं यह सवाल लोकसभा में उठाऊंगा. पिछले 11 सालों से घुसपैठिये कहाँ से आए, इसके लिए किसकी सरकार जिम्मेदार है?"
गौरतलब है कि भाजपा नेता देश भर में घुसपैठियों के मुद्दे पर मुखर रहे हैं. बिहार चुनाव में भी कई वरिष्ठ नेताओं ने इस मुद्दे को उठाया और इसे मुख्य चुनावी मुद्दों में से एक बनाया.
इससे पहले 8 नवंबर को, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के पूर्णिया जिले के बनमनखी कस्बे में एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को 'घुसपैठिया बचाओ यात्रा' शुरू करने के लिए निशाना बनाया था.
अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था, "घुसपैठियों को बाहर निकालना चाहिए या नहीं?... राहुल बाबा और लालू के बेटे ने अभी-अभी 'घुसपैठियों को बचाओ' यात्रा शुरू की है. वे चाहते हैं कि सीमांचल घुसपैठियों का गढ़ बन जाए. लेकिन... हम सिर्फ सीमांचल से ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालने का काम करेंगे... वे हमारे युवाओं की नौकरियाँ छीनते हैं. वे हमारे गरीबों का राशन ले जाते हैं और देश को भी असुरक्षित बनाते हैं."
उन्होंने आगे ज़ोर देकर कहा कि भाजपा और एनडीए की योजना अगले पाँच सालों में राज्य से घुसपैठियों को बाहर निकालने की है.