AI इंपैक्ट समिट: दिल्ली में चमके छत्तीसगढ़ के सितारे
रायपुर । संवाददाता: देश की राजधानी स्थित भारत मंडपम में आयोजित प्रतिष्ठित AI इंपैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ के युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है. इस समिट के अंतर्गत आयोजित 'इंडिया AI इंपैक्ट बिल्डथॉन' प्रतियोगिता में प्रदेश के प्रतिभाशाली भाई-बहन अनुराग मानिक और आस्था मानिक ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य का मान बढ़ाया है.
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से 40,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था. अनुराग और आस्था ने तीन अत्यंत कठिन चरणों को पार करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया, जो उनकी नवाचार क्षमता और तकनीकी दक्षता को दर्शाता है. प्रतियोगिता में उनके द्वारा विकसित “कर्तव्य” AI ऐप विशेष रूप से चर्चा और सराहना का केंद्र रहा.
यह अभिनव एप्लिकेशन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा जनित नकली आवाज और वास्तविक आवाज के बीच सटीक अंतर पहचानने में सक्षम है.
आज के डिजिटल युग में, जहाँ वॉयस क्लोनिंग के जरिए साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं, वहां यह ऐप लोगों को सुरक्षित रखने में एक महत्वपूर्ण ढाल साबित होगा. तकनीक को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने के इस प्रयास को विशेषज्ञों ने अत्यंत प्रेरणादायक बताया है.
छत्तीसगढ़ के युवाओं की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के युवा आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं. यह उपलब्धि राज्य में शिक्षा और स्टार्टअप्स के लिए बन रहे बेहतर परिवेश को भी रेखांकित करती है. स्थानीय युवाओं की इस वैश्विक सोच और तकनीकी पकड़ ने डिजिटल इंडिया के विजन को एक नई मजबूती प्रदान की है.