स्थाई नियुक्ति तक शादी नहीं कर सकेंगे अग्निवीर
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय सेना ने 'अग्निपथ' योजना के तहत भर्ती हुए अग्निवीरों के लिए एक कड़ा निर्देश जारी किया है, जिसके अनुसार सेना में स्थाई पद (सिपाही) मिलने तक अग्निवीरों को अविवाहित रहना होगा.
सेना की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद जो अग्निवीर 25 प्रतिशत स्थाई कोटे के तहत नियमित सेवा में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें चयन प्रक्रिया पूरी होने तक कुंवारा रहना अनिवार्य है.
यदि इस बीच कोई अग्निवीर शादी कर लेता है, तो उसे स्थाई नियुक्ति के लिए 'अयोग्य' घोषित कर दिया जाएगा, चाहे उसका सर्विस रिकॉर्ड या परीक्षा का परिणाम कितना भी बेहतर क्यों न हो.
सेना के सूत्रों के मुताबिक, अनुशासन बनाए रखने और सैन्य अभियानों के लिए हर समय मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार रहने के उद्देश्य से यह सख्त नियम लागू किया गया है.
गौरतलब है कि जुलाई 2026 में अग्निवीरों के पहले बैच का कार्यकाल समाप्त हो रहा है और इस नई नियमावली के बाद अब स्थाई नौकरी की रेस में शामिल जवानों के लिए अपनी वैवाहिक स्थिति को बरकरार रखना अनिवार्य होगा.