शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिहार की जीत के बाद PM मोदी का अगला लक्ष्य बंगाल

C

CG Khabar

15 नव. 2025, 01:56 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पीएम मोदी
पीएम मोदी

नई दिल्ली । डेस्क: बिहार में शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि उनका और उनकी पार्टी का अगला लक्ष्य पश्चिम बंगाल है. उन्होंने कहा कि बिहार की जीत ने बंगाल में भी जीत का रास्ता खोल दिया है, और "बिहार होकर ही गंगा बंगाल जाती है!"


बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार और बीजेपी गठबंधन की बड़ी जीत के बाद, शुक्रवार शाम दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर विजयोत्सव कार्यक्रम में मोदी ने यह बात कही. उन्होंने आरजेडी और कांग्रेस पर बिहार के 'जंगलराज' को लेकर हमला किया और साथ ही बंगाल का भी जिक्र किया. मोदी ने कहा, "बिहार की तरह, बंगाल से भी जंगलराज को उखाड़ फेंका जाएगा."


प्रधानमंत्री के इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस ने तुरंत पलटवार किया. टीएमसी नेता कुणाल घोष ने जवाब देते हुए कहा कि बंगाल में जंगलराज नहीं है, बल्कि यह वामपंथी शासन के दौरान था. उन्होंने मोदी के बयान को राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया और कहा कि केंद्र सरकार की रिपोर्ट भी बताती है कि बंगाल देश में सबसे सुरक्षित राज्यों में से एक है.


कुणाल घोष ने मोदी के बंगाल जीतने के संकल्प पर तंज कसते हुए कहा, "बिहार की जीत के उत्साह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बंगाल को लेकर जिस तरह की टिप्पणी कर रहे हैं, जान लीजिए, उनके मंसूबे पूरे नहीं होंगे. बीजेपी बंगाल पर कब्जा कर लेगी, यह ऐसी इच्छा है जैसे किसी 'कुबड़े को भी सीधे सोने का मन करे'."


मोदी ने बिहार में अपनी जीत के बाद कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि जंगलराज पर कुछ कहने से आरजेडी से ज्यादा कांग्रेस को बुरा लगेगा. उन्होंने पिछले चुनावों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन का मजाक उड़ाते हुए कहा कि "कांग्रेस अब मुस्लिम लीग माओवादी कांग्रेस पार्टी बन गई है" और जो भी दल कांग्रेस के साथ गठबंधन करेगा, उसे नुकसान उठाना पड़ेगा, क्योंकि कांग्रेस अब एक 'बोझ' बन गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP