36 दिन बाद CJP ने जंतर-मंतर से वापस लिया आंदोलन
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में कथित अनियमितताओं को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 36 दिनों से चल रहा 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) का आंदोलन शनिवार को समाप्त हो गया. संविधान क्लब में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ CJP प्रतिनिधिमंडल की तीन दौर की वार्ता के बाद संगठन ने इस विरोध प्रदर्शन को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की घोषणा की.
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका और सौरव दास ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को अपनी "पूर्ण विजय" बताया.
संगठन के प्रवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि सरकार ने उनकी सभी मुख्य मांगों को स्वीकार कर लिया है.
इनमें आंदोलनकारियों पर दर्ज प्राथमिकियों (FIR) की वापसी, भविष्य में कोई नया मामला दर्ज न करने का आश्वासन और परीक्षा विवाद के कारण जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को वित्तीय सहायता देना शामिल है.
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने भी पुष्टि करते हुए कहा कि सरकार नियमों के तहत नीट पीड़ित परिवारों को आर्थिक मुआवजा प्रदान करेगी.
वहीं, CJP प्रवक्ता सौरव दास ने आंदोलन के दौरान हुई हिंसा की घटनाओं से संगठन को अलग करते हुए उसकी कड़ी निंदा की.
उन्होंने कहा कि आंदोलन को बदनाम करने के लिए कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रदर्शन में घुसपैठ की थी.
CJP ने जंतर-मंतर पर मौजूद सभी प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक घर लौटने की अपील की है और बताया कि शेष मांगों के संदर्भ में अगले चार हफ्तों में सरकार के साथ एक और बैठक आयोजित की जाएगी.