'आप' विधायक हरमीत सिंह पर शिकंजा: रेप केस में लुक आउट नोटिस
चंडीगढ़ । डेस्क: पंजाब में आम आदमी पार्टी के सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा पर लगे रेप के आरोपों के बाद उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. पुलिस ने विधायक के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है.
इसके अलावा, विधायक को ढूंढने के लिए पुलिस ने उनके विधानसभा क्षेत्र समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर भी चिपकाए हैं.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पठानमाजरा के देश छोड़कर भागने की आशंका है, जिसके चलते यह लुक आउट नोटिस जारी किया गया है. जांच अधिकारी गुरमीत सिंह ने पुष्टि की है कि विधायक की तलाश जारी है, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है.
पुलिस स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील कर रही है और इसीलिए पोस्टर लगाए जा रहे हैं ताकि कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित कर सके.
पुलिस ने विधायक को भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. विधायक पर करनाल जिले की एक महिला ने रेप का आरोप लगाया था. पुलिस ने उन्हें एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार भी किया था, लेकिन स्थानीय लोगों ने पुलिस पर हमला कर विधायक को छुड़ा लिया था, जिसके बाद से ही हरमीत सिंह फरार हैं.
फरार होने के बाद हरमीत सिंह पठानमाजरा का एक वीडियो संदेश भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि पुलिस उनका एनकाउंटर करने की कोशिश कर सकती है और उन्हें अपनी जान का खतरा है. हालांकि, पुलिस इस वीडियो की लोकेशन का पता नहीं लगा पाई है.