4 वोटों से हारने वाले आप नेता का निधन
अंतागढ़ से आप पार्टी के युवा नेता नरेश पोटाई की असमय मृत्यु
अंतागढ़ | संवाददाताः कांकेर जिले की अंतागढ़ नगर पंचायत में चुनाव हारने वाले आप प्रत्याशी की मौत हो गई. इस प्रत्याशी को पहले 4 वोटों से जीता हुआ बताया गया था. लेकिन उसके बाद उन्हों 4 वोटों से हार की ख़बर मिली.
इसके बाद से आप नेता की तबीयत खराब हो गई थी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था.
आम आदमी पार्टी से पार्षद पद के प्रत्याशी रहे नरेश पोटाई रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती थे, जहां रविवार की शाम उनका निधन हो गया.
अंतागढ़ निवासी नरेश पोटाई पिता सुरेश पोटाई ने आम आदमी पार्टी से एक युवा उम्मीदवार के रूप में अंतागढ़ नगर पंचायत से पार्षद पद के लिये चुनाव लड़ा था.
जानकारी के मुताबिक चुनाव नतीजे में पहले उन्हें चार वोटों से जीत की खबर मिली लेकिन थोड़ी देर बाद ही उन्हें चार वोटों से हारा हुआ घोषित कर दिया गया.
हार की सूचना मिलने के साथ ही अचानक से उनकी तबियत बिगड़ गयी.
उनके साथी व परिजन उन्हें अस्पताल लेकर गये. फिलहाल उनका इलाज रायपुर में चल रहा था.
आम आदमी पार्टी की जिला इकाई ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि युवा साथी का असमय चला जाना एक बड़ी दुःखद घटना है.