शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़ में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत

C

CG Khabar

12 फ़र. 2025, 11:35 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

हाथी
हाथी

रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई.


ग्रामीण मंगलवार को लकड़ी लाने जंगल गया था. रात में वापस घर नहीं लौटने पर बुधवार की सुबह परिजन ढूंढने गए तो जंगल में उसकी लाश पड़ी हुई थी. 


मामला घरघोड़ा वन परिक्षेत्र का है.


वन विभाग के मुताबिक रायगढ़ वन मंडल के ग्राम बरौद निवासी बंधन राठिया मंगलवार को बरौद जंगल लकड़ी काटने गया था. 


इसी बीच उनका सामना जंगल में विचरण कर रहे एक हाथी से हो गया. 


हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. 


रात में जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने सुबह उसकी तलाश शुरू की. 


परिजनों के साथ ग्रामीण ढूंढते हुए जब जंगल पहुंचे तो उसकी लाश मिली. 


मौके पर हाथी के पैरों के निशान थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि ग्रामीण की मौत हाथी के हमले से हुई है. 


तत्काल सहायता राशि दी गई
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. 


वन विभाग ने मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए दिए हैं.


वन विभाग के अनुसार धरमजयगढ़ वन मंडल में 91 हाथियों का दल घूम रहा है. 


वहीं रायगढ़ वन मंडल में 26 हाथी मौजूद हैं. इस प्रकार कुल 117 हाथियों का दल विचरण कर रहा है. 


इनमें से एक हाथी दल से भटक कर अलग घूम रहा है. वही हाथी बरौद के जंगल में पहुंचा था. 


जबकि घरघोड़ा के जंगल में हाथी होने की जानकारी नहीं थी. इस घटना के बाद ही यहां हाथी होने की पुष्टि हुई है.


धरमजयगढ़ में 11 किसानों की फसल को रौंदा
धरमजयगढ़ वन मंडल में सोमवार की रात हाथियों के दल ने वन मंडल के अलग-अलग गांवों में 11 किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है. 


बताया गया इस दल में करीब 11 हाथी हैं और आस-पास घूम रहे हैं. 


हाथियों के इस दल के लगातार खेतों में पहुंचने से फसलों को नुकसान हो रहा है. 


बताया गया कि हाथियों ने ओंगना गांव में 1, दर्रीडीह में 2, मेढरमार में 4, कटाईपाली में 3 और कुंजारा में 1 किसान के गेहूं की फसल को रौंद दिया है. 


इसकी शिकायत मिलने पर वनअमला मौके पर पहुंच कर क्षतिग्रस्त हुई फसल के नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर रहा है. 


वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है. 
 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP