पड़ेगी तेज गर्मी, इस माह पारा 40 से पार
छत्तीसगढ़ पड़ेगी तेज गर्मी, इस माह पारा 40 से पार
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में मंगलवार से मौसम साफ हो गया है और एक बार फिर पारा चढ़ने लगा है. अगले तीन-चार दिनों में तापमान में और वृद्धि होगी.
इस माह के अंत तक तापमान बढ़कर 40 डिग्री से पार पहुंचने का अनुमान है.
प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई. जिससे मौसम खुशनुमा हो गया था. रात में हल्की ठंडक भी महसूस की गई.
जशपुर जिले के जशपुरनगर में सर्वाधिक 53.6 मिमी बारिश हुई थी. जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई थी.
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के आसपास बने सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर हो रहे हैं.
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर भी कम हो चुका है. जिससे प्रदेश में तापमान बढ़ने लगा है.
25 मार्च को प्रदेश का मौसम शुष्क रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि का दौर लगातार बना रहेगा.
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रह सकता है.
सोमवार से दुर्ग जिले में तापमान सामान्य से अधिक रहा. राजनांदगांव जिले में सोमवार को तापमान 37. 5 डिग्री तक रहा.
वहीं रायपुर, जगदलपुर और दुर्ग में पारा 35 डिग्री के पार पहुंच गया. इसी तरह बिलासपुर में तापमान 34.7 डिग्री के करीब रहा. यह सामान्य से 3.1 डिग्री कम था.
गौरेला पेंड्रा मरवाही में अधिकतम तापमान 33. 4 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब 1 डिग्री कम रहा.
इधर सरगुजा में पारा सामान्य से कम रहा. अंबिकापुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम था. वहीं रात का तापमान 15.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.