रानू साहू, सौम्या चौरसिया और सूर्यकांत तिवारी फिर गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ रानू साहू, सौम्या चौरसिया और सूर्यकांत तिवारी फिर गिरफ्तार
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले में सुप्रीप कोर्ट से राहत मिलने के बाद भी सौम्या चौरसिया, रानू साहू और सूर्यकांत तिवारी की जेल से रिहाई नहीं हो पाई.
अब ईओडब्ल्यू ने डीएमएफ घोटाले में तीनों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तारी के बाद तीनों को ईओडब्ल्यू ने रायपुर कोर्ट में पेश कर इनकी 6 दिन की रिमांड मांगी थी.
लेकिन अदालत ने सुनवाई के बाद 3 दिन की रिमांड मंजूर की है. इस मामले की अगली सुनवाई 6 मार्च को होगी.
प्रदेश में डीएमएफ यानी डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन के फण्ड में गड़बड़ी पाई गई थी.
इस मामले की जांच पहले केंद्र की एजेंसी ईडी ने की और प्रकरण दर्ज किया.
इसके बाद ईडी ने इस मामले में ईओडब्ल्यू/एसीबी में एफआईआर दर्ज कराया.
इसी मामले में ईओडब्ल्यू ने सूर्यकांत तिवारी, सौम्या चौरसिया और रानू साहू की गिरफ्तारी की है.
ईओडब्ल्यू की टीम अगले 3 दिनों तक इनसे डीएमएफ मामले में पूछताछ करेगी.
इससे पहले आज ही निलंबित आईएएस अधिकारी रानू साहू, सौम्या चौरसिया और व्यवसायी सूर्यकांत तिवारी को सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत दी थी.
यह जमानत एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा दर्ज मामले में दी गई है.
सुप्रीम कोर्ट ने जमानत देते हुए कहा था कि आरोपियों द्वारा यदि गवाह को प्रभावित करने, सबूतों से छेड़छाड़ करने या जांच में बाधा डालने का प्रयास किया जाता है, तो राज्य सरकार अंतरिम जमानत रद्द कराने अदालत में आवेदन कर सकती है.
उस स्थिति में अंतरिम जमानत रद्द कर दी जाएगी.
वर्ष 2010 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के आईएएस अधिकारी साहू को ईडी ने जुलाई 2023 में गिरफ्तार किया था.
जबकि मुख्यमंत्री कार्यालय में तत्कालीन उप सचिव सौम्या चौरसिया को दिसंबर 2022 में गिरफ्तार किया गया था. तभी से दोनों जेल में थे.