भिलाई में फैला पीलिया, 31 मरीज मिले
छत्तीसगढ़ भिलाई में फैला पीलिया, 31 मरीज मिले
भिलाई | संवाददाताः दुर्ग जिले के भिलाई निगम क्षेत्र के गौतम नगर में पीलिया फैला हुआ है. यहां लगातार पीलिया के मरीज मिल रहे हैं.
अब तक पीलिया के 9 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है, वहीं 22 लोगों में इसके लक्षण दिख रहे हैं.
इनमें से एक मरीज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बाकी लोगों का उपचार घर पर ही किया जा रहा है.
पीलिया के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वार्ड में कैंप लगाकर जांच शुरू कर दी है.
सीएमएचओ मनोज दानी का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुई है.
संक्रमित लोगों की जांच के लिए घर-घर सर्वे किया जा रहा है. दवाइयां भी बांटी जा रही हैं.
उन्होंने लोगों से पानी उबालकर पीने और बाहर का खाना नहीं खाने की अपील की है.
स्वास्थ्य विभाग की शुरुआती जांच में पाया गया कि दूषित पानी पीने के कारण पीलिया का संक्रमण फैला है.
जिसे देखते हुए घर-घर सर्वे कराया जा रहा है. वहीं निगम की टीम ने वार्ड के कई घरों से पानी का सैंपल लिया है.
जिसे जांच के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग दुर्ग को भेजा गया है.
अब रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि पीलिया फैलने की असली वजह क्या है.
एक घर में तीन-तीन मरीज
गौतम नगर में पीलिया संक्रमित मरीजों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है.
कई घर तो ऐसे भी हैं जहां एक ही घर से तीन-तीन पीलिया के मरीज मिले हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि नल के माध्यम से आने वाला पानी दूषित और गंदा है.
जिसके सेवन से यहां के लोग बीमारी का शिकार हो रहे हैं.
यहां के निवासी इसी पानी को पीने के लिए मजबूर हैं, क्योंकि पानी का और कोई दूसरा साधन भी नहीं है.
केमिकल युक्त पानी पीने मजबूर
वार्ड पार्षद विनोद सिंह का कहना है कि इसकी शिकायत निगम आयुक्त और कलेक्टर से की है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया है मोहल्ले में केमिकल युक्त गंदा पानी बह रहा है. उसी नाली के बीच से पानी की पाइपलाइन गुजर रही है.
उन्होंने बताया कि मोहल्ले के पास ही एक फैक्ट्री है. वहां केमिकल को भू-स्रोत में छोड़ने के साथ ही नाली में बहा दिया जाता है.
जिसके चलते यहां हमेशा जल प्रदूषण की समस्या बनी रहती है.
इससे पहले बारिश के दिनों यहां डायरिया का संक्रमण फैला हुआ था. जिसकी चपेट में कई लोग आए. अस्पताल में लोगों को भर्ती होना पड़ा था.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक यह फैक्ट्री हटाई नहीं जाती, तब तक यहां जल प्रदूषण की समस्या बनी रहेगी.
साथ ही लोगों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द पाइपलाइन बदलने की मांग भी की है.
570 घरों का किया गया सर्वे
गौतम नग में पीलिया के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नियमित सर्वे किया जा रहा है.
2 मार्च को कुल 245 घरों का सर्वे किया गया. इसके बाद 3 मार्च को 325 घरों का भ्रमण किया गया.
इन दो दिनों में 22 पीलिया के संभावित मरीज मिले हैं. इसके अलावा जांच में 9 पीलिया के मरीज मिले हैं.
इनमें से एक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने उल्टी लगना, भूख न लगना, थकान महसूस होना, पेट में लगातार दर्द होना, बुखार आना जैसे पीलिया संबंधी लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है.