छत्तीसगढ़ में हीटवेव का अलर्ट जारी
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में मार्च महीने में ही गर्मी ने अपना तेवर दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश में तेजी से गर्म हवाएं बढ़ रही हैं.
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में गर्म हवाएं चलेंगी. जिसे देखते हुए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के 13 जिलों में गर्म हवाओं का प्रभाव रहेगा. जिसमें रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चंपा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, राजनांदगांव, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में तेज गर्मी पड़ेगी.
पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. अभी से ही पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है.
बीते 24 घंटों में सारंगढ़-भिलाईगढ़ जिले में अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री दर्ज किया गया. इस सीजन का यह सबसे अधिक तापमान है.
इसी प्रकार राजधानी रायपुर और बिलासपुर में भी अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक पहुंच गया है. गौरेला-पेन्ड्रा-मरवाही जिले में दिन का पारा 37.4 डिग्री रहा.
जबकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 दिन तक तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है.
दूसरी ओर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी चक्रवात और विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे दोपहर के समय धूप बेहद तीखी हो गई है.
आसमान साफ होने से सूरज की धूप सीधे जमीन पर आ रही है. इस कारण दिन गर्म हो गए हैं.
रायपुर, दुर्ग संभाग के जिलों और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री से 40 डिग्री के बीच रहने की संभावना है.