शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

शिक्षा विभाग का बाबू रिश्वत लेते पकड़ाया

H

Hupendra Sharma

05 मई 2025, 02:25 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

रिश्वत
रिश्वत

रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शिक्षा विभाग के बाबू को रिश्वत मांगना महंगा पड़ गया. एंटी करप्शन ब्यूरो यानी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया है.


बाबू ने एक भृत्य से वेतन भुगतान रिलीज करने के लिए 20 हजार रुपए की मांग की थी. मिली जानकारी के मुताबिक खरसिया विधानसभा के ग्राम हालाहुली माध्यमिक शाला में उसुराम केवट भृत्य के पद पर पदस्थ है.


उनका वेतन पिछले तीन साल से रुका हुआ था. वेतन भुगतान के लिए उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. कोर्ट से अतिशीघ्र वेतन भुगतान का आदेश जारी हुआ था. इसके बावजूद हेड क्लर्क एमएस फारूखी वेतन रिलीज नहीं कर रहा था. इसके लिए उन्होंने 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी. बाद में 15 हजार रुपये में सौदा तय हुआ.


पहली किस्त में 5 हजार रुपए देने के बाद भी वेतन भुगतान नहीं किया गया. कई दिनों तक परेशान करने के बाद क्लर्क ने काम से पहले ही शेष 10 हजार रुपए की मांग की. लेकिन उसुराम क्लर्क को और रिश्वत नहीं देना चाहता था.


उसने इसकी शिकायत बिलासपुर एसीबी से की. शिकायत की जांच सही पाए जाने के बाद एसीबी की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई.


योजना के मुताबिक सोमवार को भृत्य को रिश्वत की राशि 10 हजार रुपये पकड़ाकर क्लर्क के पास भेजा गया. जैसे ही भृत्य ने राशि दी एसीबी की टीम ने उसको पकड़ लिया. फिलहाल, मामले में आगे की जांच की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP