रायपुर सहित दुर्ग-भिलाई में ईडी का छापा
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत दुर्ग और भिलाई में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार सुबह दबिश दी है. ईडी की टीम ने नामी कृषि कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की है.
रायपुर में शंकर नगर स्थित विनय गर्ग नामक कारोबारी के घर पर ईडी की टीम पहुंची है. इसी तरह अमलीडीह स्थित लॉ विस्टा कॉलोनी में दो कोरिबारियों के घर भी जांच चल रही है.
कारोबारी पवन पोद्दार के निवास में ईडी के अधिकारी पहुंचे हैं. पवन एग्रीकल्चर सप्लाई का काम करते हैं. इनके पास ट्रैक्टर एजेंसी होने की भी जानकारी मिली है. ईडी की टीम के साथ 8 से 10 सशस्त्र बल के जवान भी मौजूद हैं.
बताया जा रहा है कि ईडी की छापेमारी छत्तीसगढ़ में जिला खनिज निधि (डीएमएफ) के कथित दुरुपयोग मामले को लेकर की जा रही है. हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
भिलाई में कारोबारी शिवकुमार मोदी के घर छापा
दुर्ग जिले के भिलाई-3 और शांति नगर में ईडी की टीम ने कार्रवाई की है. भिलाई-3 में अन्न भूमि ग्रीन टेक प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर शिवकुमार मोदी के घर पर टीम ने दबिश दी है.
ईडी की टीम में 6 से अधिक अधिकारी शामिल हैं. साथ ही सीआरपीएफ की टीम भी घर के बाहर मौजूद है.
बताया जा रहा है कि यहां वित्तीय अनियमितता को लेकर जांच की जा रही है. ये संस्था कृषि के क्षेत्र में काम करती है, जिसमें ड्रिप सिंचाई प्रणाली, कांटेदार तार, चेन लिंक और आरसीसी बाड़ के खंभे, सौर जल पंप और कृषि उपकरण शामिल है.
इसी तरह वैशाली नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शांति नगर के समीप विवेकानंद कॉलोनी में चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) आदित्य अग्रवाल के घर पर छापेमारी चल रही है. ईडी की टीम दस्तावेजों और डिजिटल डिवाइस की जांच कर रही है.
बताया गया कि वर्तमान में इनका पूरा काम राजधानी रायपुर से संचालित होता है. आदित्य अग्रवाल पूर्व में दुर्ग जिले के प्रतिष्ठित बिल्डर का कामकाज देखा करते थे.
शुरूआती जानकारी के अनुसार एजेंसी की यह कार्रवाई मनी लॉन्डिंग और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामले की जांच से संबंधित बताई जा रही है.