मतगणना से पहले ही हार-जीत के दावे
छत्तीसगढ़ में मतगणना से पहले ही हार-जीत के दावे
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के नतीजे आने के 24 घंटे पहले ही राजनीतिक पार्टियों द्वारा जीत-हार के दावे भी आने लगे हैं.
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दावा किया है कि प्रदेश के सभी निकायों में भाजपा की जीत होगी. कांग्रेस हार से पहले ही हार के बहाने ढूंढने में लग गई है.
वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा है कि अधिकांश निगमों में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है.
मतदान के बाद जो तस्वीर साफ हुई है उससे स्पष्ट हो गया है कि इस चुनाव में सरकार के खिलाफ माहौल था.
चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में- साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि हम आश्वस्त हैं कि चुनाव परिणाम हमारे पक्ष में आएंगे.
भाजपा ने घोषणा पत्र के तौर पर अटल विश्वास पत्र शहर की जनता के सामने प्रस्तुत किया है.
जिसमें नगरीय निकाय चुनाव के लिए रोड मैप प्रस्तुत किया गया.
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान अनेक नगरीय निकायों में नामांकन रैली, रोड शो और आमसभा किया, इसमें जनता का जो उत्साह दिखा है, इससे पूरी तरह स्पष्ट है कि नगरीय निकाय चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में आएंगे.
नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम लोकसभा, विधानसभा से बेहतर होंगे.
कांग्रेस पर कसा तंज
साव ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अभी चुनाव परिणाम आने में एक दिन शेष है और कांग्रेस हार के बहाने ढूंढने में लग गई है.
सबको मालूम है कि ये ईवीएम पर ठीकरा फोड़ने की भूमिका बना चुके हैं. कांग्रेस को पता है कि पांच साल उन्होंने शहरों में विकास के एक भी काम नहीं किए हैं.
इसलिए जनता उनके पक्ष में खड़ी नहीं होगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीयत सबको पता है.
सत्ता में रहते हुए इन्होंने यही किया और सत्ता से बाहर होने के बाद भी वहीं कर रहे हैं.
सरकार की वादाखिलाफी कांग्रेस को जिताएगी-बैज
निगरीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि रायपुर सहित प्रदेश के सभी निगमों में कांग्रेस जीतेगी.
लोग प्रदेश की बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था, रोज हो रही हत्याओं, बलात्कार, लूट, चाकूबाजी की घटनाओं के कारण सरकार से निराश है.
हमने भाजपा सरकार की इसी नाकमी और वादाखिलाफी पर चुनाव लड़ा है.
सरकार ने युवा, किसान, महिला, मजदूर, विद्यार्थी सहित हर वर्ग के लोगों को ठगा है.
निर्वाचन आयोग की कार्यशैली नकारात्मक
उन्होंने नगरीय निकायों के चुनावों के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं.
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान अधिकतर ईवीएम खराब रही, जिससे मतदाता परेशान हुई.
पूरे मतदान के दौरान निर्वाचन आयोग की कार्यशैली नकारात्मक रही.
चुनाव के बाद जो वोट प्रतिशत जारी किया उसमें कोटा नगर पंचायत में 138 प्रतिशत मतदान होना और नवागढ़ नगर पंचायत में 103.50 प्रतिशत वोट होना बताया है.
निर्वाचन आयोग की इस कार्य प्रगति पर कैसे विश्वास करें.