शांति वार्ता के लिए केंद्र और राज्य सरकार तैयार- शर्मा
छत्तीसगढ़ शांति वार्ता के लिए केंद्र और राज्य सरकार तैयार- विजय
दंतेवाडा | संवाददाताः शांति वार्ता को लेकर माओवादियों के जारी प्रेस नोट के संबंध में राज्य के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और केंद्रीय नेतृत्व भी यही चाहता है कि एक गोली भी ना चले. इसे रोकने के लिए हम पुनर्वास नीति भी चला रहे हैं. इस नीति के तहत जिंदगी व्यवस्थित होते तक सरकार साथ रहेगी. अगर इसके अलावा भी माओवादी चर्चा करने के लिए तैयार हैं तो हम भी तैयार हैं.
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कितने माओवादी कैडर बचे हैं, वे सब गिनती में हैं. सब ध्यान में है, सब जानकारियां हैं. इसीलिए माओवादियों से विनम्र निवेदन है कि गोली बारी और लोगों की हत्या करना बंद करें. हिंसा को छोड़ स्पष्ट रूप से सामने आएं और चर्चा करें, हम तैयार हैं.
उन्होंने कहा कि माओवादियों को पूरी स्पष्टता के साथ सामने आना होगा. ऐसा नहीं कि 6 माह के बाद वापस चले जाओ. समर्पण के बाद एक भी आपराधिक प्रकरण में शामिल नहीं होना चाहिए. हम चाहते हैं कि माओवादी आत्मसमर्पण कर मुख्य धारा में जुड़कर समाज के विकास में अपना योगदान दें.
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा गुरुवार को दंतेवाड़ा बस्तर पंडुम कार्यक्रम के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे.
इस कार्यक्रम के समापन समारोह में शामिल होने के लिए 5 अप्रैल को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के बस्तर पहुंच रहे हैं.
इससे पहले विजय शर्मा नक्सली कमांडर हिड़मा और देवा के इलाके रायगुडेम पहुंचे.
उन्होंने जन चौपाल लगाकर नक्सल प्रभावित इलाके के ग्रामीणों से बातचीत की.
इस क्षेत्र में हिड़मा और देवा का काफी वर्चस्व रहा है. कुछ दिन पहले ही रायगुडेम में सुरक्षाबलों ने कैंप खोला है.
विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर के लोगों तक हर सुविधाएं पहुंचाना साय सरकार और मोदी जी का संकल्प है.
जवानों की भुजाओं की ताकत पर अब सभी सुविधाएं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों तक पहुंच रही हैं. पहले इन्हें किसी सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा था.