पाकिस्तानी सेना पर बलूच आर्मी का हमला, 90 सैनिक मारने का दावा
नई दिल्ली | डेस्कः पाकिस्तान पर बलूच लिबरेशन आर्मी ने पांच दिनों में दूसरा बड़ा हमला किया है. रविवार को पाकिस्तानी सेना पर एक आत्मघाती हमला किया गया. इस हमले में सात सैनिकों की मौत हुई है. जबकि बीएलए ने दावा किया है कि इसमें 90 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं.
रविवार को बलूच लिबरेशन आर्मी की फिदायीन इकाई माजिद और फतेह ब्रिगेड ने नुश्की में आरसीडी हाईवे पर स्थित रखशान मिल के पास पाकिस्तानी सेना के एक काफिले को निशाना बनाया. यह काफिला आठ बसों का था. बलूच लिबरेशन आर्मी ने आईईडी से लदे वाहन से सेना के काफिले को टक्कर मारी. जिससे जोरदार धमाका हुआ.
इस हमले में सात जवानों की मौत हो गई. इस हमले में एक बस पूरी तरह से नष्ट हो गई. यह आत्मघाती हमला था.
इस हमले के तुरंत बाद बीएलए के फतेह स्क्वाड ने आगे बढ़कर एक अन्य बस को पूरी तरह घेर लिया और उसमें सवार सेना के सभी सैनिकों को मार गिराया. इस हमले में कुल 90 पाकिस्तानी सैनिक मारे जाने का दावा किया गया है. घायलों को नोशकी के अस्पताल में भर्ती किया गया है. इलाके में इमरजेंसी लागू कर दी गई है.
बीएलए ने बयान जारी कर हमले की जिम्मेदारी ली है. पाकिस्तानी सेना के काफिले पर हमले के बाद शहर के अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है. घटना के बाद हेलीकॉप्टरों की आवाजाही तेज हो गई और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई.