48 घंटे में 81 नक्सलियों का सरेंडर, बस्तर में माओवाद बिखर रहा है
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बस्तर में नक्सल हिंसा के खिलाफ बड़ी सफलता का दावा करते हुए कहा है कि पिछले 48 घंटों में 81 नक्सलियों का आत्मसमर्पण हिंसा की विचारधारा पर विश्वास की निर्णायक विजय है. उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट संकेत है कि माओवाद न केवल कमजोर पड़ रहा है, बल्कि अब पूरी तरह बिखरने की स्थिति में है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में अब केवल माओवादी संगठन ही नहीं, बल्कि उसकी विकृत विचारधारा और पूरा सपोर्ट सिस्टम भी ध्वस्त हो चुका है. जहाँ पहले भय, भ्रम और दबाव का माहौल था, वहाँ अब शासन की सशक्त उपस्थिति, सुरक्षा बलों की सक्रियता और विकास योजनाओं की प्रभावी पहुँच ने जनता के मन में भरोसा पैदा किया है.
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के ‘पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान के तहत हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने वाले भटके युवाओं को सम्मानजनक जीवन, सुरक्षा और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं. हालिया व्यापक आत्मसमर्पण इसी भरोसे का प्रत्यक्ष प्रमाण है.
मुख्यमंत्री साय ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि 31 मार्च 2026 तक नक्सल-मुक्त भारत का संकल्प अब तेज़ी से निर्णायक लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है. उन्होंने दो टूक कहा कि छत्तीसगढ़ में हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में अब भय की जगह भविष्य आकार ले रहा है, जहाँ सड़कें, स्कूल, स्वास्थ्य सेवाएँ, आजीविका और शासन की पहुँच लगातार मजबूत हो रही है.