7 माओवादी मारे गए
जगदलपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश की सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने सात हार्डकोर नक्सलियों के मारे जाने का दावा किया है. पुलिस के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में स्पेशल ज़ोनल कमेटी और डिवीजनल कमेटी स्तर के कई बड़े माओवादी कैडर शामिल हैं.
मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान इस तरह हुई है-मेटूरू जोगा राव उर्फ़ टेक शंकर-स्पेशल ज़ोनल कमेटी सदस्य, 40 लाख रुपये इनामी, सुरेश उर्फ़ रमेश-स्पेशल ज़ोनल कमेटी सदस्य, 40 लाख रुपये इनामी, ज्योति उर्फ़ सीतो-डिवीसीएम सदस्य, 8 लाख रुपये इनामी, लोकेश उर्फ़ गणेश-डिवीसीएम सदस्य, 8 लाख रुपये इनामी, सैनु उर्फ़ वासु-डिवीएम सदस्य, 8 लाख रुपये इनामी, अनिता-डिवीसीएम सदस्य, 8 लाख रुपये इनामी और शम्मी-डिवीसीएम सदस्य, 8 लाख रुपये इनामी.
पुलिस के मुताबिक, यह मुठभेड़ मरेडूमिल्ली थाना क्षेत्र के जीएमवलसा के जंगलों में बुधवार सुबह लगभग 6:30 से 7:00 बजे के बीच हुई. मौके से दो एके-47 समेत आठ हथियार बरामद किए गए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को इसी इलाके में कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा की टीम के साथ भी मुठभेड़ हुई थी, जिसके बाद क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज़ कर दिया गया था. इसी सर्च ऑपरेशन के दौरान यह नई मुठभेड़ हुई.
बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. बढ़ते दबाव के चलते नक्सली अब सुरक्षित ठिकानों की तलाश में बॉर्डर एरिया की ओर खिसक रहे हैं. आंध्र प्रदेश पुलिस भी सीमावर्ती इलाक़ों में नक्सल विरोधी अभियान चला रही है, जिसके कारण बॉर्डर पर लगातार मुठभेड़ हो रही हैं.
पिछले दो दिनों में हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में कुल 13 हार्डकोर नक्सली मारे जा चुके हैं, वहीं आंध्र प्रदेश पुलिस ने विजयवाड़ा और अन्य ज़िलों से 51 से अधिक माओवादी कार्यकर्ताओं को गिरफ़्तार किया है.