छत्तीसगढ़ के 6 नक्सलियों ने तेलंगाना में किया सरेंडर
छत्तीसगढ़ के 6 नक्सली ने तेलंगाना में किया सरेंडर
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दक्षिण बस्तर क्षेत्र से संबंध रखने वाले प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादी) के छह सदस्यों ने गुरुवार को तेलंगाना के कोठागुडेम में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया.
पुलिस के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वालों में तीन-तीन नक्सली बीजापुर और सुकमा जिलों के हैं.
उन्होंने भद्राद्री कोठागुडेम के पुलिस अधीक्षक बी. रोहित राजू के सामने आत्मसमर्पण किया. इस वर्ष जिले में अब तक कुल 306 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं.
आत्मसमर्पण करने वालों में मदकम लक्मे (प्लाटून पार्टी कमेटी सदस्य), सोड़ी भेमे और सोड़ी राजे (पार्टी सदस्य, 4थी प्लाटून, कोंटा एरिया कमेटी), मडवी सोना (मिलिशिया डिप्टी कमांडर), मडवी भीम और मदकम भीमैय्या (मिलिशिया सदस्य, पाला गुड़ेम रिवोल्यूशनरी पीपुल्स कमेटी) शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, इन नक्सलियों ने प्रतिबंधित संगठन का साथ छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया है.
वे अब तेलंगाना सरकार की पुनर्वास नीति के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का लाभ लेकर शांतिपूर्ण जीवन बिताएंगे.
फोटो: AI Generated.