शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दो अलग-अलग घटनाओं में 4 लोगों की मौत

H

Hupendra Sharma

12 जुल. 2025, 06:24 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

4 लोगों की मौत
4 लोगों की मौत

बिलासपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और सरगुजा जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई. बिलासपुर में कुएं में गिरने से 2 भाइयों की मौत हो गई. दोनों भाइयों की जान एक मुर्गी को बचाने के चक्कर में चली गई.


इधर सरगुजा जिले में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. इस हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई. जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं. 


बिलासपुर की घटना बेलगहना चौकी क्षेत्र की है. पुलिस के मुताबिक कुएं में जहरीली गैस के रिसाव से दोनों भाइयों की मौत हुई है.


करही कछार निवासी दिलीप पटेल शुक्रवार की शाम अपने घर की बाड़ी में काम कर रहा था. उसी दौरान उनकी एक मुर्गी कुएं में गिर गई.


मुर्गी को कुएं से निकालने के लिए उसने अपने भाई दिनेश पटेल को बुलाया. दिलीप पहले कुएं में उतरा. कुछ देर में भी वह बेहोश होकर पानी में गिर गया.


भाई को डूबता हुआ देख कुएं के ऊपर खड़ा दिनेश भाई को बचाने कुएं में कूद गया, लेकिन वह भी बेहोश होकर पानी में डूब गया. 


घटना की सूचना मिलते ही बेलगहना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को मदद के लिए बुलाया और दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला.


पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार

अंबिकापुर में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो शुक्रवार की देर रात सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. इस हादसे में 2 की मौत हो गई. वहीं 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं.


घटना अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर चठिरमा मोड़ के पास की है.


गांधीनगर पुलिस के मुताबिक स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे. जिसमें दो लड़की और तीन लड़के थे.


बताया जा रहा है, सभी कॉलेज के स्टूडेंट है, और अंबिकापुर जा रहे थे.


घटना के समय वाहन काफी तेज रफ्तार में थी. जिस वजह से चालक नियंत्रण नहीं कर पाया और गाड़ी सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई.


हादसे में एक युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई. टक्कर के बाद जोरदार आवाज से आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.


ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच घायलों को अस्पताल पहुंचा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP