रायपुर बाल संप्रेषण गृह से भागे 4 नाबालिग
छत्तीसगढ़ रायपुर बाल संप्रेषण गृह से भागे 4 नाबालिग
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना स्थित बाल सुधार संप्रेषण गृह से मंगलवार रात 4 नाबालिग फरार हो गए.
चारों बच्चे गंभीर मामलों में बंद थे. इसके बाद भी संप्रेषण गृह प्रबंधन ने लापरवाही बरतते हुए इसकी पुलिस थाने में लिखित शिकायत तक नहीं की है.
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब साढ़े 8 बजे चारों नाबालिग एक साथ भोजन करने बैठे थे.
भोजन के बाद मौका पाकर चारों संप्रेषण गृह से भाग गए. रात में बच्चों की गिनती की तो चार बच्चे कम निकले.
तब प्रबंधक को इसकी जानकारी हुई. बताया गया कि फरार बच्चों में तीन रायपुर के रहने वाले हैं.
जबकि एक ओडिशा का रहने वाला है. हैरानी की बात है कि घटना के समय संप्रेषण गृह में कर्मचारी मौजूद थे.
इसके बावजूद नाबालिगों का फरार होना सुरक्षा में गंभीर लापरवाही को दिखाता है.
घटना के बाद भी बाल संप्रेषण गृह प्रबंधन द्वारा इसकी लिखित सूचना थाने में देना जरूरी नहीं समझा गया.
केवल व्हाट्सएप के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई. इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस नाबालिग बच्चों की खोजबीन में जुट गई है.
आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस का कहना है कि बच्चे संप्रेषण गृह से कैसे बाहर निकले यह भी अभी तक साफ नहीं हुआ है.
इससे पहले भी बाल संप्रेषण गृह से नाबालिगों के भागने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
करीब 8 महीने पहले एक साथ 10 नाबालिग फरार हो गए थे. उस समय ये सभी खिड़की की ग्रिल तोड़कर भागे थे.