केरल के वायनाड में स्कूल के 150 बच्चे बीमार
वायनाड । डेस्क: केरल के वायनाड जिले (सुलतान बथेरी तालुक) में कोइलाडी स्थित मार बेसेलियोस एडेड अपर प्राइमरी स्कूल के लगभग 150 छात्र पिछले तीन दिनों से बुखार और उल्टी की शिकायत के बाद इलाज करा रहे हैं. बीमार बच्चों में से 38 छात्रों की हालत में सुधार न होने के कारण उन्हें सुल्तान बथेरी तालुक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्कूल में एक हफ्ते की छुट्टी घोषित कर दी है.
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी (DMO) ने स्थिति की समीक्षा करने के बाद कहा कि फिलहाल घबराने की कोई बात नहीं है और अस्पताल में बच्चों के बेहतर इलाज के लिए एक विशेष वार्ड भी बना दिया गया है.
छात्रों के अलावा स्कूल के एक शिक्षक ने भी अस्वस्थ होने की शिकायत की है. पंचायत अधिकारियों ने अस्पताल का दौरा कर बताया कि फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति संतोषजनक और नियंत्रण में है.
डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चों में बीमारी के लक्षण 1 जून से दिखने शुरू हुए थे, लेकिन शारीरिक परेशानी की असली वजह क्या है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है.
स्वास्थ्य विभाग ने खाने या पानी के संक्रमण की आशंका को देखते हुए विभिन्न सैंपल इकट्ठा किए हैं और उन्हें जांच के लिए लैब भेज दिया है. रिपोर्ट आने के बाद ही इस सामूहिक बीमारी के सही कारणों का पता चल सकेगा.