इजराइली सेना की गोलीबारी से 14 वर्षीय फलस्तीनी किशोर की मौत, दो घायल
ऑक्यूपाइड वेस्ट बैंक के बुरका गांव में इजराइली सेना की छापेमारी के दौरान 14 साल के फलस्तीनी लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य किशोर घायल हो गए.
नई दिल्ली । डेस्क: ऑक्यूपाइड वेस्ट बैंक में नाबलुस शहर के पास स्थित बुरका गांव में इजराइली सेना की छापेमारी के दौरान हुई गोलीबारी में एक 14 वर्षीय फलस्तीनी किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य किशोर घायल हो गए. फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने मृतक की पहचान मोअतज़ इयाद दगलास के रूप में की है और बताया कि इजराइली अधिकारी उसका शव अपने पास रोके हुए हैं.
फलस्तीनी समाचार एजेंसी वाफा की रिपोर्ट के अनुसार, गोलीबारी में 17 वर्षीय किशोर के पेट व कूल्हे में और 19 वर्षीय युवक के हाथ में गोली लगी है. वाफा ने यह भी बताया कि इजराइली सैनिकों ने मोअतज़ के पिता को हिरासत में ले लिया और घायलों तक एम्बुलेंस को पहुंचने से रोक दिया.
इसके अलावा, क्षेत्र में कार्य कर रहे 'पैलेस्टाइन रेड क्रीसेंट सोसाइटी' के तीन स्वयंसेवी पैरामेडिक्स को भी कुछ समय के लिए हिरासत में रखा गया.
इजराइली सेना ने बुरका में हुई इस गोलीबारी की पुष्टि करते हुए बयान जारी किया कि सैनिकों ने फलस्तीनियों को इजराइली वाहनों पर पथराव करने से रोकने के लिए गोली चलाई. सेना के अनुसार, खतरे को बेअसर करने के लिए कार्रवाई की गई जिसमें कई लोग गोली का शिकार हुए.
7 अक्टूबर 2023 को दक्षिण इजराइल पर हमास के नेतृत्व में हुए हमलों और उसके बाद गाजा पर शुरू हुए युद्ध के बाद से ऑक्यूपाइड वेस्ट बैंक में हिंसा में भारी वृद्धि देखी गई है, जिसे संयुक्त राष्ट्र ने "अभूतपूर्व स्तर" करार दिया है.
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 7 अक्टूबर 2023 से अब तक ऑक्यूपाइड वेस्ट बैंक में कम से कम 1,143 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें 250 बच्चे शामिल हैं. इस आंकड़े में अवैध बस्तियों में रहने वाले इजराइली बसने वालों (सेटेलर्स) द्वारा मारे गए फलस्तीनी भी शामिल हैं.
'आर्म्ड कंफ्लिक्ट लोकेशन एंड इवेंट डेटा प्रोजेक्ट' (ACLED) के अनुसार, वर्ष 2026 सेटेलर्स से जुड़ी हिंसा के मामले में एक दशक में सबसे हिंसक वर्ष बनने की राह पर है, जहां केवल जुलाई महीने में ही सशस्त्र सेटेलर्स और इजराइली बलों से जुड़ी चार घटनाओं में 11 लोग मारे गए थे. इस दौरान हेब्रोन, रामल्लाह, नाबलुस, जेनिन और अल-बीरे में सबसे अधिक हिंसा देखी गई है.