शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़-यूपी बॉर्डर पर 12 क्विंटल का 6 करोड़ का गांजा जब्त

C

CG Khabar

29 दिस. 2025, 03:05 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

गांजा जब्त
गांजा जब्त

बलरामपुर । डेस्क: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है. उत्तर प्रदेश-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित धनवार बैरियर पर रविवार रात एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया. पुलिस ने ट्रक में लदे धान के पुआल के बोरों के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा 12 क्विंटल गांजा जब्त किया है. 


पुलिस के अनुसार, सरगुजा संभाग में अब तक की यह सबसे बड़ी गांजा जब्ती है.


पकड़ा गया गांजा ओडिशा से लाया जा रहा था और इसे उत्तर प्रदेश ले जाने की योजना थी. चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने ट्रक को रोका, तो चालक ने इसमें केवल पुआल होने का दावा किया. 


हालांकि, संदेह होने पर जब ट्रक की सघन तलाशी ली गई, तो चारे के नीचे गांजे के पैकेट बरामद हुए. इस कार्रवाई के दौरान ट्रक में सवार तीन तस्करों ने भागने की कोशिश की, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं.


बलरामपुर एसपी वैभव बैंकर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तस्करों ने कई जिलों की पुलिस को चकमा देने के लिए माल को वैध सामान के साथ मिलाकर छिपाया था. 


फिलहाल बसंतपुर थाना पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के जरिए अंतरराज्यीय ड्रग सिंडिकेट के नेटवर्क को खंगालने की कोशिश की जा रही है. 


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बड़े खुलासे से ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर भारत की ओर होने वाली तस्करी के एक बड़े रूट का पर्दाफाश हुआ है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP