पाकिस्तान: मस्जिद के पास आत्मघाती विस्फोट, 5 पुलिसकर्मियों समेत 16 की मौत
इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत स्थित कोहाट जिले में शुक्रवार की नमाज़ के दौरान एक मस्जिद के समीप हुए भीषण आत्मघाती बम धमाके में कम से कम 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों में पांच पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल हैं.
यह हमला पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दूर पुरानी पुलिस लाइन्स के पास हुआ, जहां हमलावर ने विस्फोटकों से भरे वाहन को सीधे मस्जिद परिसर के मुख्य द्वार से टकरा दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों और अधिकारियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि मस्जिद की छत ढह गई और बाहर एक बड़ा गड्ढा बन गया. विस्फोट के तुरंत बाद हथियारबंद आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी भी शुरू हो गई.
प्रांतीय पुलिस प्रमुख जुल्फिकार हमीद के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान स्पेशल ब्रांच की इमारत के पास एक और आत्मघाती हमला किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू 1122 की टीमों ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है.
इस घातक हमले की जिम्मेदारी अप्रैल 2025 में बने नए आतंकी गठबंधन 'इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन पाकिस्तान' ने ली है, जिसमें हाफिज गुल बहादुर ग्रुप, हरकत इंकलाब-ए-इस्लामी और लश्कर-ए-इस्लाम जैसे संगठन शामिल हैं.
हमले के बाद राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए जांच रिपोर्ट तलब की है. प्रधानमंत्री शरीफ ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए और दोहराया कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए देश से आतंकवाद का पूरी तरह सफाया करना बेहद जरूरी है.