जांजगीर: सड़क हादसे के बाद बवाल, ग्रामीणों का 4 घंटे चक्काजाम
जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा इलाके में एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई. घटना बिर्रा बस स्टैंड-केरा मार्ग पर हनुमान मंदिर के सामने की है, जहां दीवान मोहल्ला निवासी छत्तू पटेल (60 वर्ष, पिता भोकोलोलो पटेल) शनिवार रात करीब 9 बजे किसी काम से पैदल बस स्टैंड की ओर जा रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुजुर्ग को सड़क पर करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गया. हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जबकि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
रविवार सुबह जैसे ही इस हृदयविदारक घटना की खबर परिजनों और ग्रामीणों को मिली, इलाके में तनाव फैल गया. भारी संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर दो अलग-अलग जगहों पर चक्काजाम कर दिया.
प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा आवागमन ठप हो गया.
स्थिति को बिगड़ता देख थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद एसडीओपी सतरूपा भी घटनास्थल पर आ गईं. इस बीच जनपद सदस्य और सरपंच ने भी लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण आरोपी चालक की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग पर अड़े रहे.
तेज बारिश के बावजूद पुलिस प्रशासन और प्रदर्शनकारी घंटों तक सड़क पर डटे रहे. आखिरकार करीब चार घंटे तक चली लंबी बातचीत और पुलिस प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया.