इंदौर में 3 मंजिला इमारत ढहने से 2 की मौत, 12 घायल
इंदौर । डेस्क: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के रानीपुरा क्षेत्र में सोमवार की रात बारिश के बाद एक तीन मंजिला इमारत ढह गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए.
जिला कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि इस हादसे में एक परिवार के 14 सदस्य मलबे में फंस गए थे. इनमें से 12 घायलों का इलाज महाराजा यशवंतराव सरकारी अस्पताल (MYH) में चल रहा है. मृतकों की पहचान अलिफा (20) और फहीम के रूप में हुई है.
महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि मलबे में फंसी अलिफा को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जिला कलेक्टर ने बताया कि पांच घंटे तक चला बचाव अभियान अब समाप्त हो चुका है. उन्होंने कहा, "इमारत का सामने का हिस्सा हाल ही में पुनर्निर्मित किया गया था, लेकिन पीछे का हिस्सा पुराना था. हम इमारत की नींव की स्थिति की जांच करेंगे."
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि ढही हुई इमारत का एक हिस्सा पड़ोस की इमारत पर गिर गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत 8 से 10 साल पुरानी थी.