रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

एयर इंडिया समेत भारतीय एयरलाइंस ने रद्द की 350 उड़ानें

C

CG Khabar

02 मार्च 2026, 09:25 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

हवाई जहाज
हवाई जहाज

नई दिल्ली । डेस्क: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव और पश्चिम एशिया में जारी हवाई हमलों के मद्देनजर भारतीय विमानन क्षेत्र में बड़ा संकट खड़ा हो गया है. रविवार, 1 मार्च 2026 को भारतीय एयरलाइंस ने पश्चिम एशिया और अन्य अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए अपनी लगभग 350 उड़ानें रद्द कर दी हैं. 


नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा जारी आपातकालीन परामर्श के बाद विमानन कंपनियों ने सुरक्षा कारणों से 11 देशों के लिए अपनी सेवाएं पूरी तरह निलंबित कर दी हैं. एयर इंडिया ने अकेले यूरोप, अमेरिका और कनाडा जाने वाली अपनी 48 उड़ानों को रद्द किया है, जिससे लंदन, ज्यूरिख, फ्रैंकफर्ट और मिलान जैसे प्रमुख शहरों की यात्रा प्रभावित हुई है.

विज्ञापन


इस बीच, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर फंसे हजारों यात्रियों के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) सरकार ने बड़ी राहत का एलान किया है. यूएई के विमानन नियामक (GCAA) के अनुसार, सरकार वहां फंसे सभी यात्रियों के रहने और खाने-पीने का पूरा खर्च उठाएगी. 


दुबई और अबू धाबी के प्रशासन ने होटल प्रबंधकों को निर्देश दिया है कि वे यात्रियों को उनके मूल बुकिंग नियमों पर ही रुकने की सुविधा दें, जिसका भुगतान सरकार द्वारा किया जाएगा. 


वहीं, ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने भी एक नोटिस जारी कर कहा है कि जीसीसी (GCC) देशों के रेजिडेंट कार्ड धारक और अमेरिका, ब्रिटेन या शेंगेन वीजा रखने वाले भारतीय नागरिक ओमान में 'वीजा ऑन अराइवल' की सुविधा लेकर अस्थायी शरण ले सकते हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP