कोरबा में हाइड्रा ने बाइक को कुचला, 3 साल की बच्ची की मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी उपरोड़ा ब्लॉक में हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन वर्षीय बालिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके माता-पिता और एक छोटा भाई बुरी तरह घायल हो गए. दर्दनाक दुर्घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक अपने वाहन को छोड़कर पास के जंगलों की तरफ रफूचक्कर हो गया. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.
यह दिल दहला देने वाली घटना उस समय घटी जब तनेरा गांव के रहने वाले राम कुमार पोर्ते अपनी पत्नी प्रेम लता, तीन साल की बेटी स्नेहा और महज एक साल के बेटे इसरुस्तम के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने ससुराल से वापस घर रावा लौट रहे थे.
इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार हाइड्रा वाहन ने ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के दावों के अनुसार, दुर्घटना के वक्त चालक मोबाइल फोन पर बातचीत करने में मशगूल था. हालांकि, स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे की असली वजह पूरी तफ्तीश के बाद ही साफ हो पाएगी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल हाइड्रा के अगले हिस्से में उलझ गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई. इसी दौरान मासूम स्नेहा भारी-भरकम पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही सांसे थम गईं.
वहीं, राम कुमार, उनकी पत्नी और एक साल का मासूम बेटा सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं. चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और पुलिस को सूचित किया.
सूचना मिलते ही डायल 112 और 108 एम्बुलेंस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी उपरोड़ा में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं. पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है तथा दुर्घटनाकारित हाइड्रा वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.