दिल्ली यूनिवर्सिटी की असिस्टेंट प्रोफेसर की फ्लैट में हत्या
नई दिल्ली । डेस्क: पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एनक्लेव इलाके में दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) की एक 42 वर्षीय महिला असिस्टेंट प्रोफेसर अपने अपार्टमेंट में मृत पाई गईं. मृतका की पहचान देबोस्मिता पॉल के रूप में हुई है, जो शिवाजी कॉलेज के अंग्रेजी विभाग में कार्यरत थीं. पुलिस को शक है कि उनकी हत्या किसी भारी वस्तु से हमला करके की गई है.
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 2:35 बजे न्यू अशोक नगर थाने को मृतका की बहन देवराती पॉल ने फोन कर घटना की सूचना दी. बताया जा रहा है कि देवराती सुबह से ही अपनी बहन को फोन कर रही थीं, लेकिन कॉल न उठने पर जब वह फ्लैट पर पहुंचीं, तो बाहर से ताला लटका मिला. अनहोनी की आशंका होने पर जब ताला तोड़ा गया, तो अंदर देबोस्मिता का शव बेड पर पड़ा था.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पाया कि मृतका के सिर पर किसी भारी चीज से वार किया गया था, जिससे गंभीर चोटें आई थीं. इसके अलावा हाथों पर भी कटने के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि हमले के दौरान उन्होंने खुद को बचाने का प्रयास किया होगा.
देबोस्मिता अकादमिक क्षेत्र में एक जाना-माना नाम थीं. उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया से पीएचडी की थी और विभाजन अध्ययन (पार्टीशन स्टडीज) व भारतीय साहित्य जैसे विषयों में उनकी गहरी रुचि थी. वह इस फ्लैट में अकेली रहती थीं, जबकि उनके माता-पिता पास में ही रहते हैं.
शुरुआती जांच में पुलिस लूटपाट की मंशा को मुख्य कारण नहीं मान रही है, क्योंकि मृतका के कान के झुमके सुरक्षित हैं और घर से किसी कीमती सामान के गायब होने की रिपोर्ट नहीं है.
हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है. सूत्रों के मुताबिक, मृतका का कड़कड़डूमा कोर्ट में अलगाव से जुड़ा एक कानूनी मामला भी चल रहा था, इसलिए पुलिस उनके व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन से जुड़े पहलुओं को खंगाल रही है.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और न्यू अशोक नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है