शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

कटघोरा में अटल जी की प्रतिमा विवाद: युवा कांग्रेस का अर्धनग्न प्रदर्शन

C

CG Khabar

07 अग. 2026, 02:23 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

युवा कांग्रेस प्रदर्शन- कटघोरा
युवा कांग्रेस प्रदर्शन- कटघोरा

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित कटघोरा नगर पालिका परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में हुई कथित धांधली को लेकर सियासत गरमा गई है. शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने इस मामले की निष्पक्ष जांच और सभी दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर नगर पालिका परिसर में जोरदार अर्धनग्न प्रदर्शन किया. 


संगठन के जिलाध्यक्ष विकास सिंह की अगुवाई में पहुंचे दर्जनों कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा के सामने हाथ में बैनर-पोस्टर लेकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.


मामले की संवेदनशीलता और विरोध के उग्र स्वरूप को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रतिमा निर्माण जैसी महत्वपूर्ण परियोजना में गंभीर स्तर पर अनियमितताएं बरती गईं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक केवल उप-अभियंता (सब-इंजीनियर) पर निलंबन की गाज गिराकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की जा रही है. 


उन्होंने सवाल उठाया कि जब जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की पुष्टि हो चुकी है, तो नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) और संबंधित ठेकेदार को क्यों बचाया जा रहा है?


इस दौरान युवा कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष अपनी तीन मुख्य शर्तें रखीं. उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय समिति से पारदर्शी जांच कराई जाए, जांच के दायरे में CMO, ठेकेदार और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को लाकर उन पर वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा जब तक जांच पूरी न हो, तब तक प्रतिमा के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ या बदलाव न किया जाए.


हंगामे और विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका. काफी देर चले हंगामे के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से सीधी बातचीत की और उनकी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया. अधिकारियों की समझाइश और लिखित आश्वासन के बाद ही युवा कांग्रेस ने अपना आंदोलन समाप्त करने का फैसला किया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP