अंबेडकर अस्पताल में छाती के दुर्लभ कैंसर की सर्जरी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के कैंसर सर्जरी विभाग ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने एक 29 वर्षीय युवक की छाती में मौजूद दुर्लभ 'मेडियास्टाइनल जर्म सेल ट्यूमर' का सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन प्रदान किया है.
मरीज लंबे समय से छाती में गांठ, दर्द और सांस लेने में तकलीफ से जूझ रहा था. इससे पहले मरीज का उपचार एम्स रायपुर में चल रहा था, जहां जांच में हृदय के पास बड़ी रक्त नलियों से चिपकी करीब 13x18x16 सेंटीमीटर की एक विशाल गांठ पाई गई थी.
ट्यूमर के उच्च जोखिम को देखते हुए पहले उसे कीमोथेरेपी दी गई, जिससे गांठ का आकार घटकर 4x3x4 सेंटीमीटर रह गया. इसके बाद मरीज को सर्जरी के लिए अंबेडकर अस्पताल के कैंसर सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. आशुतोष गुप्ता के पास रेफर किया गया.
डॉ. आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने हृदय रोग विशेषज्ञों और निश्चेतना विभाग के साथ समन्वय कर करीब 3 से 4 घंटे तक जटिल सर्जरी की.
इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन में ट्यूमर को बाएं फेफड़े के एक हिस्से के साथ सफलतापूर्वक शरीर से बाहर निकाल दिया गया.
ऑपरेशन के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. इस सफलता में डॉ. के. के. साहू, डॉ. किशन सोनी सहित पूरी सर्जिकल टीम का विशेष योगदान रहा.
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, यदि इस दुर्लभ कैंसर का समय पर पता चल जाए तो उपचार के बाद मरीज के बचने की संभावना 90 प्रतिशत से भी अधिक होती है.