शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बीजापुर: IED ब्लास्ट की चपेट में आए 10 जवान, रायपुर एयरलिफ्ट

C

CG Khabar

25 जन. 2026, 10:36 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

IED bomb
IED bomb

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को उसेर क्षेत्र के दंतेवाड़ा-बीजापुर सीमा पर स्थित कारेगुट्टा पहाड़ियों के जंगलों में नक्सलियों द्वारा लगाए गए सिलसिलेवार प्रेशर आईईडी (IED) विस्फोटों में 10 जवान घायल हो गए हैं. घायल जवानों में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के 9 और कोबरा (CoBRA) बटालियन का 1 जवान शामिल है.


अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बल के जवान जब घने जंगलों में तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी उनका पैर अनजाने में नक्सलियों द्वारा जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए आईईडी पर पड़ गया. धमाके इतने जबरदस्त थे कि 10 जवान इसकी जद में आ गए. 


दुर्गम इलाका और घना जंगल होने के कारण घायल जवानों को वहां से निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर एयरलिफ्ट किया गया है, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.


इस घटना के बाद बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज ने कहा कि आईईडी का पता लगाना और उन्हें निष्क्रिय करना सुरक्षा बलों के लिए सबसे बड़ी चुनौती है. 


उन्होंने जानकारी दी कि साल 2025 में रिकॉर्ड 875 आईईडी नष्ट किए गए थे. पुलिस ने बताया कि कारेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र नक्सलियों का एक प्रमुख ट्रांजिट पॉइंट और ठिकाना रहा है, इसलिए अब वहां अतिरिक्त बल तैनात कर सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP