शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़: रायपुर में चित्रोत्पला फिल्म सिटी का भूमिपूजन

C

CG Khabar

24 जन. 2026, 01:29 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

 चित्रोत्पला फिल्म सिटी
चित्रोत्पला फिल्म सिटी

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के ग्राम माना-तूता में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का विधिवत भूमिपूजन किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण और सांस्कृतिक आयोजनों के वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगी.


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी के निर्माण से राज्य के स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और फिल्म निर्माताओं को एक ही स्थान पर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. इससे न केवल फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और निवेश के नए अवसर भी सृजित होंगे. 


उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रदेश की कला और कलाकारों को सम्मान मिल रहा है.


संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक, पर्यटन और रचनात्मक भविष्य की मजबूत नींव है. उन्होंने बताया कि आगामी दो वर्षों में इन परियोजनाओं को पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है.


भूमिपूजन के साथ ही पर्यटन विभाग को फिल्म सिटी और कन्वेंशन सेंटर में इकाइयों की स्थापना के लिए चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्राप्त हुए. गदर फिल्म के निर्माता अनिल शर्मा ने अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग चित्रोत्पला फिल्म सिटी में करने का प्रस्ताव दिया. 


वहीं इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड, एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स और एटी फिल्म्स हॉलीवुड की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों के प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपे गए.


उल्लेखनीय है कि भारत सरकार की “कैपिटल इन्वेस्टमेंट हेतु राज्यों को विशेष सहायता” योजना के तहत चित्रोत्पला फिल्म सिटी के लिए 95.79 करोड़ रुपये और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के लिए 52.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है. 


दोनों परियोजनाएं पीपीपी मॉडल पर लगभग 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएंगी, जिनमें भविष्य में लगभग 300 करोड़ रुपये के निजी निवेश की संभावना है.


फिल्म सिटी में गांव-शहर के सेट, स्टूडियो, प्रोडक्शन ऑफिस, टूरिस्ट आकर्षण और मनोरंजन सुविधाएं विकसित होंगी, जबकि ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर में 1500 सीटों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन हॉल बनाया जाएगा.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP