बजट 2026-27: मंत्रियों, PMO और विदेशी मेहमानों पर 1,102 Cr का प्रावधान
नई दिल्ली । डेस्क: संसद में बजट 2026-27 में मंत्रियों, कैबिनेट सचिवालय, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और विदेशी अतिथियों के आतिथ्य व मनोरंजन पर कुल 1,102 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया है. पिछले वित्त वर्ष में इस मद के लिए 978 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे.
बजट के अनुसार, केंद्रीय मंत्रियों और पूर्व प्रधानमंत्रियों से जुड़े खर्च के लिए 620 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जो पहले लगभग 484 करोड़ रुपये था.
वहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय के बजट में कटौती की गई है. वर्ष 2025-26 में जहां इसके लिए करीब 280 करोड़ रुपये निर्धारित थे, वहीं 2026-27 में यह घटकर लगभग 257 करोड़ रुपये रह गया है. यह राशि प्रशासनिक खर्च और अंतरिक्ष से जुड़े कार्यक्रमों पर खर्च की जाएगी.
प्रधानमंत्री कार्यालय के प्रशासनिक खर्च के लिए बजट में 74 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जबकि पिछले वर्ष यह 68 करोड़ रुपये था. इसके अलावा, सरकारी दौरे पर भारत आने वाले विदेशी अतिथियों के स्वागत और आतिथ्य पर 5 करोड़ 76 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है.
केंद्रीय बजट में पूर्व राज्यपालों के सचिवालय सहयोग से जुड़े खर्च के लिए भी लगभग डेढ़ करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं.