बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की जीत निश्चित- अरुण साव
रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर एनडीए की जीत पर पूर्ण विश्वास जताया है. उन्होंने कहा कि गठबंधन की एकजुट ताकत के बल पर एनडीए राज्य में स्पष्ट बहुमत हासिल करेगा.
साव ने कहा, “वर्तमान राजनीतिक माहौल को देखते हुए यह साफ है कि बिहार की जनता विकास और स्थिरता के पक्ष में है. जनता एक बार फिर एनडीए को सत्ता सौंपने के लिए तैयार है.”
उन्होंने बताया कि गठबंधन के सभी घटक दल आपसी समन्वय और विश्वास के साथ मैदान में उतरेंगे, जिससे जीत सुनिश्चित होगी. सीटों के बंटवारे को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि, “संगठन स्तर पर नेताओं के बीच संवाद से सभी निर्णय सौहार्दपूर्ण तरीके से लिए जा रहे हैं. एनडीए के भीतर किसी प्रकार का मतभेद नहीं है.”
साव का यह बयान बिहार चुनाव से पूर्व राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है. राजनीतिक विश्लेषक इसे एनडीए समर्थकों के मनोबल को ऊंचा करने वाला संदेश मान रहे हैं.
गौरतलब है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए 243 सीटों पर आपसी सहमति से सीट बंटवारा कर लिया है.
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 101 सीटें,
जनता दल (यूनाइटेड) [जेडीयू] को नीतीश कुमार के नेतृत्व में 101 सीटें,
लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) [लोजपा (आर)] को चिराग पासवान के नेतृत्व में 29 सीटें,
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में 6 सीटें,
तथा हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) [एचएएम(एस)] को जीतन राम मांझी के नेतृत्व में 6 सीटें दी गई हैं.
एनडीए के इस सीट बंटवारे को गठबंधन की एकजुटता और संतुलन का संकेत माना जा रहा है, जिससे आगामी चुनाव में उसकी स्थिति और मजबूत हो सकती है.