MP, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के युवा MLA भोपाल में जुटेंगे, संसदीय बारीकियों पर होगी चर्चा
भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आगामी 30 और 31 मार्च को राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के युवा विधायकों का एक भव्य समागम होने जा रहा है. विधान परिषद भवन में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय 'युवा विधायक सम्मेलन' में तीनों राज्यों के लगभग 70 से 80 युवा विधायक शिरकत करेंगे, जो संसदीय प्रणाली और लोकतांत्रिक मूल्यों पर गहन विचार-विमर्श करेंगे.
विधानसभा सचिवालय के अनुसार, इस सम्मेलन में विशेष रूप से 45 वर्ष से कम आयु के विधायकों को आमंत्रित किया गया है, जिसके लिए राजस्थान और छत्तीसगढ़ से युवा जनप्रतिनिधियों की सूची भी मंगवाई गई है.
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा व्यक्तिगत रूप से इस आयोजन की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं.
इस गरिमामयी कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी मौजूद रहेंगे.
इसके साथ ही, सचिवालय ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्षों को भी इस सम्मेलन का हिस्सा बनने के लिए विशेष निमंत्रण भेजा है.