सूरजपुर: नदी के लापता हुआ छात्र, 12 किलोमीटर दूर मिला शव
सूरजपुर: नदी के प्रबल धारा में लापता हुआ छात्र, 12 किलोमीटर दूर मिला शव
अंबिकापुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत कोरेया आमापारा में नदी में डूबे 9वीं कक्षा के छात्र आकाश राजवाड़े का शव 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सलका महादेवपारा के किनारे से बरामद हुआ. इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है.
बुधवार दोपहर करीब दो बजे आकाश अपने पिता अमेले राजवाड़े के घर से दोस्तों के साथ खेलने निकला था. शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार चिंतित हो गया और आसपास तलाश शुरू की गई.
गुरुवार सुबह ग्रामीणों को नदी किनारे आकाश के कपड़े और चप्पलें पत्थरों पर बिखरी मिलीं, जिससे गांव में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही जयनगर थाना पुलिस और डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (डीडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची.
गोताखोरों ने सुबह से शाम तक नदी में व्यापक खोज अभियान चलाया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल सका. स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले चार–पांच दिनों से हो रही लगातार बारिश से घुनघुट्टा नदी उफान पर थी, संभवतः उसी की चपेट में आकाश बह गया.
शुक्रवार को ग्रामीणों ने नदी किनारे एक शव तैरता देखा. पहचान होने पर पुलिस और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे. बेटे का शव देखकर परिजनों का रो–रोकर बुरा हाल हो गया.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. यह घटना मानसून के दौरान जल सुरक्षा को लेकर सतर्कता की जरूरत को फिर से उजागर करती है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बच्चे नदियों या जलाशयों के पास अकेले न जाएं.