शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में अगले सप्ताह ठंड की दस्तक

C

CG Khabar

05 नव. 2025, 02:41 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

ठंड
ठंड

रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ में अगले सप्ताह से ठंड में बढ़ोतरी की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में रात का तापमान स्थिर है, लेकिन आने वाले दिनों में यह 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है. उत्तर दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के कारण यह बदलाव होगा.


पिछले 24 घंटों में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 32.0°C जगदलपुर में और सबसे कम 12.4°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया. उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहेगा, दिन में धूप निकलेगी और सुबह-शाम ठंड का असर महसूस होगा. दक्षिणी छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर संभाग में अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है. रातें धीरे-धीरे ठंडी होंगी.


किसानों के लिए यह मौसम रबी फसलों के लिए अनुकूल है. सुबह हल्की धुंध और कोहरा रह सकता है, इसलिए सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनना जरूरी होगा. बारिश की संभावना कम होने के बावजूद तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा.


बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. इसका मामूली असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ेगा, जिसके चलते दिन में हल्के बादल रह सकते हैं. हवा में नमी और रात के तापमान में गिरावट के कारण सुबह-शाम ठंडक बढ़ेगी, लेकिन बारिश की संभावना बहुत कम है.


स्वास्थ्य के लिहाज से भी सावधानी बरतने की जरूरत है. मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 7 से 13 नवंबर के बीच मलेरिया फैलने का खतरा बढ़ सकता है. तापमान और नमी की स्थितियां मलेरिया मच्छरों के लिए अनुकूल हैं. छत्तीसगढ़ में खासकर ग्रामीण और जंगल क्षेत्रों में प्लास्मोडियम विवैक्स प्रकार का मलेरिया बढ़ने की संभावना है.


लोगों को सलाह दी गई है कि पानी जमा न होने दें, मच्छरदानी का इस्तेमाल करें, फुल स्लीव कपड़े पहनें और बुखार या सिरदर्द होने पर तुरंत जांच कराएं. मलेरिया का खतरा अन्य राज्यों जैसे असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा, नागालैंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में भी बना हुआ है.


इस हफ्ते छत्तीसगढ़ में मौसम हल्के बादलों के साथ ठंडा रहने वाला है, रात के तापमान में गिरावट और सुबह-शाम ठंड का असर अधिक महसूस होगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP