यूपी: सगे मामाओं पर रेप और छोटी बहन को बेचने का आरोप
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में दो सगे मामाओं पर अपनी ही 17 वर्षीय भांजी के साथ दुष्कर्म करने और उसकी 16 वर्षीय छोटी बहन को बेचने का गंभीर आरोप लगा है. यह मामला तब प्रकाश में आया जब पीड़ित किशोरी ने साहस जुटाकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिकायत के अनुसार, पिछले साल जून में गर्मी की छुट्टियों के दौरान दोनों बहनें बरखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित अपने मामा के घर आई थीं.
इसी बीच 3 जुलाई को उनकी मां की हत्या हो गई और पिता को हत्या के आरोप में जेल भेज दिया गया. माता-पिता का साया सिर से उठने के बाद दोनों बहनें पूरी तरह अपने मामाओं पर आश्रित हो गई थीं.
आरोप है कि सुरक्षा देने के बजाय मामाओं ने उनकी मजबूरी का फायदा उठाना शुरू कर दिया. बड़ी बहन का दावा है कि सितंबर में उसके मामा छोटी बहन को कहीं ले गए और उसे गायब कर दिया.
पीड़िता ने फोन पर हुई बातचीत के आधार पर अंदेशा जताया है कि उसकी बहन को रुपयों के सौदे के तहत बेच दिया गया है.
बड़ी बहन ने आरोप लगाया कि छोटी बहन के गायब होने के बाद मार्च की शुरुआत में एक मामा ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया, जबकि दूसरा बाहर पहरा दे रहा था.
इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर जबरन एक वीडियो भी रिकॉर्ड करवाया, जिसमें उसे यह कहने पर मजबूर किया गया कि वह अपनी मर्जी से घर जा रही है.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और लापता छोटी बहन की तलाश के लिए टीमें लगा दी गई हैं. किशोरी के शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर उम्र का सत्यापन किया जा रहा है, जिसके बाद मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धाराएं भी जोड़ी जाएंगी.