अमेरिका ने ईरानी तेल पर प्रतिबंधों में दी राहत
वॉशिंगटन । डेस्क: मध्य-पूर्व में जारी युद्ध के कारण पैदा हुए वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने शुक्रवार को समुद्र में जहाजों पर लदे ईरानी तेल पर लगे प्रतिबंधों को अस्थायी रूप से हटा दिया है. यह विशेष अनुमति 20 मार्च से पहले जहाजों पर लोड किए जा चुके कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री और डिलीवरी के लिए दी गई है, जो 19 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी.
ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने एक बयान में कहा कि इस कदम का उद्देश्य वैश्विक बाजारों में ऊर्जा के प्रवाह को बढ़ाना और कीमतों में स्थिरता लाना है.
बेसेंट के अनुसार, वर्तमान में प्रतिबंधित ईरानी तेल का एक बड़ा हिस्सा चीन द्वारा सस्ते में जमा किया जा रहा है. इस 'शॉर्ट-टर्म' छूट से लगभग 140 मिलियन बैरल तेल अंतरराष्ट्रीय बाजारों में उपलब्ध हो सकेगा, जिससे सप्लाई चेन पर बना दबाव कम होगा.
हालांकि, ईरान के तेल मंत्रालय के प्रवक्ता समन घोड्डोसी ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके पास अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए कोई अतिरिक्त कच्चा तेल उपलब्ध नहीं है और अमेरिका का यह बयान महज खरीदारों को दिलासा देने के लिए है.
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान की नाकेबंदी और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमलों के कारण कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं.
गौरतलब है कि अमेरिकी ट्रेजरी की यह छूट क्यूबा, उत्तर कोरिया या यूक्रेन के रूसी कब्जे वाले क्षेत्रों को होने वाली तेल डिलीवरी पर लागू नहीं होगी.
शुक्रवार को इस घोषणा के बावजूद बाजार में तेजी देखी गई, जहां ब्रेंट क्रूड 3.26% बढ़कर $112.19 प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई (WTI) 2.27% की बढ़त के साथ $98.32 पर बंद हुआ.