सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

UGC-NET परीक्षा: राहुल ने लगाया पेपर लीक और सौदेबाजी का आरोप

C

CG Khabar

08 जुल. 2026, 06:37 PM 2 मिनट में पढ़ें 3

राहुल गांधी
राहुल गांधी

नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस नेता और लोक सभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यूजीसी-नेट (UGC-NET) परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने सरकार पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लाखों छात्रों की सालों की कड़ी मेहनत की सरकार की नजर में कोई कीमत नहीं है और वह बार-बार हो रहे "घोटालों" के बावजूद आंखें मूंदे सो रही है.


राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हरियाणा के रोहतक की एक मीडिया रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित इस परीक्षा पर गंभीर सवाल उठाए. 

विज्ञापन


उन्होंने दावा किया कि यूजीसी-नेट परीक्षा से ठीक पहले सोशल मीडिया पर एक 100 पन्नों का पीडीएफ (PDF) वायरल हो रहा था. यह पीडीएफ प्रश्न पत्र की सेटिंग से जुड़ा था, जो केवल एनटीए के पास ही उपलब्ध होता है. परीक्षा के बाद जब मिलान किया गया, तो समाजशास्त्र (Sociology) के प्रश्न पत्र के करीब 90 सवाल हुबहू उस पीडीएफ से मैच कर रहे थे.


कांग्रेस नेता ने आगे आरोप लगाया कि यह प्रश्न पत्र बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान जैसे राज्यों में 2.25 लाख रुपये में बेचा जा रहा था. उन्होंने यह भी दावा किया कि इस लीक के पीछे सक्रिय नेटवर्क आगामी सीएसआईआर-नेट (CSIR-NET), एचटीएटी (HTET) और एडीए (ADA) जैसी परीक्षाओं के पेपर भी लीक कराने का दावा कर रहा है.


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश अच्छी तरह जानता है कि इस सरकार से जवाबदेही या किसी ठोस कार्रवाई की उम्मीद करना बेकार है. 


नीट (NEET) के बाद अब नेट (NET) परीक्षा में सामने आई इस गड़बड़ी पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं है और छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा. उन्होंने छात्रों से अपील की कि अब बदलाव का एकमात्र जरिया देश भर में गूंजने वाली 'छात्रों की गूंज' है, जो देश में एक शिक्षा क्रांति लेकर आएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP