शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुनिया भर में 'X' और कई वेबसाइट्स डाउन, यूज़र्स परेशान

C

CG Khabar

18 नव. 2025, 02:09 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

X Down
X Down

नई दिल्ली । डेस्क: मंगलवार शाम को दुनिया के विभिन्न हिस्सों में इंटरनेट यूज़र्स को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा जब वे 'X' (पूर्व में ट्विटर) समेत कई अन्य वेबसाइट्स को एक्सेस नहीं कर पाए. भारत में भी इसका असर देखने को मिला. सूत्रों के अनुसार, यह समस्या सर्वर आउटेज के कारण उत्पन्न हुई है. 


हालांकि, एलन मस्क के स्वामित्व वाली कंपनी 'X' ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.


वेबसाइट डाउनडिटेक्टर, जो सोशल मीडिया और वेबसाइट की खराबी पर नज़र रखती है, ने भारतीय समयानुसार मंगलवार शाम 5:15 बजे तक 11,500 से अधिक रिपोर्ट दर्ज की हैं जिनमें यूज़र्स ने 'X' अकाउंट एक्सेस न कर पाने की शिकायत की है. 


इन शिकायतों में से 47% फ़ीड लोड न होने से संबंधित थीं, जबकि 30% वेबसाइट और 23% सर्वर कनेक्शन से जुड़ी थीं.


प्रभावित यूज़र्स ने बताया कि वे अपने 'X' अकाउंट पर नई पोस्ट नहीं कर पा रहे थे, कई लॉग इन नहीं कर पाए, और कुछ ने तो ऐप न खुलने की भी शिकायत की.


इस बीच, क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी क्लाउडफ्लेयर के सर्वर में भी खराबी की खबरें हैं, जिसके कारण कई अन्य वेबसाइट्स भी नहीं खुल पा रही थीं. यह स्पष्ट नहीं है कि 'X' में आई समस्या का कारण क्लाउडफ्लेयर का आउटेज है या नहीं. 


क्लाउडफ्लेयर, जो वेबसाइट्स को सुरक्षित रखती है और ट्रैफिक समस्याओं को हल करती है, ने कहा है कि वह इस व्यवधान की जांच कर रही है. इस सर्वर आउटेज के कारण कंपनी के शेयरों में 4.1 प्रतिशत की गिरावट भी दर्ज की गई.


(symbolic photo)

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP