सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

त्विशा शर्मा: एम्स रिपोर्ट में बेल्ट पर मिले अभिनेत्री के स्किन टिश्यू

C

CG Khabar

12 जुल. 2026, 08:08 AM 3 मिनट में पढ़ें 5

त्विशा शर्मा
त्विशा शर्मा

भोपाल । डेस्क: भोपाल में रहने वाली उत्तर प्रदेश के नोएडा की मॉडल और एक्ट्रेस त्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में एक बड़ा मोड़ आया है. दिल्ली के एम्स (AIIMS) के मेडिकल बोर्ड ने इस मामले से जुड़ी अपनी दूसरी पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट केंद्रीय जांच एजेंसी (CBI) को सौंप दी है. 11 पन्नों की इस सीलबंद रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं.


सूत्रों के मुताबिक, हिस्टोपैथोलॉजिकल और लैबोरेट्री जांच में यह बात साफ हुई है कि घटनास्थल से बरामद बेल्ट के मैटेलिक हुक (धातु के छल्ले) पर त्वचा की कोशिकाएं (स्किन टिश्यू) पाई गई हैं. 

विज्ञापन

फोरेंसिक जांच में इन कोशिकाओं का मिलान मृतका त्विशा शर्मा के डीएनए से हो गया है. इसके अलावा, रिपोर्ट में यह भी जिक्र है कि त्विशा के गले पर मिले चोट के निशान और इस बेल्ट की बुनावट व बनावट में पूरी समानता है, जिससे यह साबित होता है कि मौत के वक्त उनके गले में इसी बेल्ट का फंदा लगा था.


हालांकि, इस फोरेंसिक रिपोर्ट में अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह आत्महत्या का मामला है, हत्या का या फिर उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया था.


शुरुआती जांच और बेल्ट को लेकर विवाद


इस पूरे मामले में यह बेल्ट शुरुआत से ही सबसे बड़ा विवाद का केंद्र रही है. त्विशा का शव मिलने के बाद पुलिस ने उनके ससुराल से यह बेल्ट बरामद की थी, लेकिन आरोप है कि पहले पोस्टमार्टम के समय पुलिस ने इसे डॉक्टरों की टीम को नहीं सौंपा था. इसी वजह से पहले पोस्टमार्टम की विश्वसनीयता पर सवाल उठे थे और मृतका के गले के निशानों का बेल्ट से मिलान नहीं हो पाया था.


इसके बाद, मृतका के परिवार ने हत्या का अंदेशा जताते हुए अदालत से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई थी. कोर्ट की मंजूरी के बाद दिल्ली एम्स के विशेषज्ञों की देखरेख में त्विशा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया गया और इस बार बेल्ट को भी जांच के लिए शामिल किया गया, जिसके बाद यह नई रिपोर्ट सामने आई है.


एमबीए ग्रेजुएट त्विशा शर्मा दिल्ली की एक कंपनी में काम करती थीं. पिछले साल दिसंबर में उन्होंने भोपाल के रहने वाले वकील समर्थ सिंह से शादी की थी, जिनकी मां गिरिबाला सिंह एक सेवानिवृत्त जज हैं. इस साल 12 मई को भोपाल में ससुराल से त्विशा का शव बरामद हुआ था. मृतका के परिवार की शिकायत और आरोपों के आधार पर पुलिस पहले ही आरोपी पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है और मामले की गहराई से जांच जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP