ट्रंप ने कहा-मस्क से नहीं सुधारना चाहते रिश्ते
वाशिंगटन | डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कहा है कि अब उनका और एलन मस्क का रिश्ता ख़त्म हो चुका है. एनबीसी को दिए एक इंटरव्यू में जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उनका मस्क से क़रीबी रिश्ता अब ख़त्म हो गया है, तो उन्होंने कहा, "हां, मुझे ऐसा ही लगता है."
जब उनसे अगला सवाल पूछा गया कि क्या वे यह रिश्ता ठीक करना चाहेंगे, तो उनका जवाब था, 'नहीं.'
ट्रंप का ये बयान सोशल मीडिया पर ट्रंप और मस्क के बीच हुए टकराव के बाद आया है.
ट्रंप और मस्क के बीच टकराव तब शुरू हुआ जब एलन मस्क ने ट्रंप की एक टैक्स और खर्च नीति की खुलकर आलोचना की, जो कि उनकी घरेलू नीतियों में अहम प्रस्ताव है.
ज़्यादातर रिपब्लिकन नेता अब भी ट्रंप के समर्थन में हैं. ट्रंप और मस्क के बीच की यह सार्वजनिक लड़ाई रिपब्लिकन पार्टी में भी हलचल मचा रही है. पार्टी नेताओं को डर है कि इससे आगामी चुनावों में रणनीति प्रभावित हो सकती है.
इसके साथ ही, यह भी आशंका जताई जा रही है कि टैक्सपेयर्स द्वारा फंडेड मस्क की कंपनियों जैसे स्पेसएक्स और न्यूरालिंक पर ट्रंप की नाराज़गी का असर पड़ सकता है.
ट्रंप की चेतावनी
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क को चेतावनी दी है कि यदि वे डेमोक्रेट उम्मीदवारों का समर्थन करते हैं तो उन्हें "गंभीर परिणाम" भुगतने पड़ सकते हैं. यह चेतावनी मस्क द्वारा ट्रंप के समर्थन वाले $2.4 ट्रिलियन के खर्च बिल की आलोचना के बाद आई है. ट्रंप ने मस्क पर "अशिष्ट और अहसान फरामोश" होने का आरोप लगाया है.
मस्क का बयान
एलन मस्क ने ट्रंप के खिलाफ बिना सबूत के यह इशारा किया कि उनका संबंध जेफरी एपस्टीन से हो सकता है. हालांकि, बाद में मस्क ने यह पोस्ट हटा दी. मस्क ने ट्रंप पर "ड्रग एडिक्शन" के आरोपों को भी “अनुचित” बताया है.
शेयर बाजार पर असर
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की रिपोर्ट के अनुसार, मस्क की नेटवर्थ एक दिन में 33.9 बिलियन डॉलर कम हो गई है. टेस्ला के शेयरों में भी 14.26 प्रतिशत की गिरावट आई है.
जेडी ने क्या कहा
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि मस्क ने "बहुत ज़्यादा प्रतिक्रिया दी" है और शायद अब उन्हें पार्टी में दोबारा शामिल नहीं किया जाएगा.
वेंस ने एक पॉडकास्ट में भी कहा कि मस्क का ट्रंप पर हमला करना बड़ी ग़लती थी. कई हफ़्तों से मस्क ट्रंप के "बिग ब्यूटीफ़ुल बिल" नामक विधेयक की आलोचना कर रहे थे, जब ये विधेयक कांग्रेस में पारित होने की प्रक्रिया में था.
मस्क का कहना था अगर ये बिल पास हो गया तो ये राष्ट्रीय घाटे में ख़रबों डॉलर का इजाफ़ा करेगा और उन्होंने डीओजीई के प्रमुख के तौर पर जो काम किया है, ये उसे कमज़ोर करता है. मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसे 'घिनौना घोटाला' कहा, हालांकि उन्होंने सीधे ट्रंप का नाम नहीं लिया.
लेकिन गुरुवार को ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि वे मस्क के व्यवहार से 'निराश' हैं.