झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर पलटी श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली, 6 की मौत और 12 घायल
दीवाली के अगले दिन चित्रकूट से दर्शन और दीपदान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली का हुक टूटने से दर्दनाक हादसा, 6 की मौत और 12 लोग घायल.
चित्रकूट । डेस्क: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट से दर्शन और दीपदान कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ दीवाली के अगले दिन सोमवार की तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया. झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर तड़के करीब 2:30 बजे अनियंत्रित होकर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई. इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए. मृतकों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है.
प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र स्थित ऊंचा गांव के कई श्रद्धालु शनिवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से चित्रकूट में आयोजित दीपदान मेले में हिस्सा लेने गए थे.
इस यात्रा में मध्य प्रदेश के रीवा जिले के उनके रिश्तेदार भी शामिल हुए थे. रविवार देर रात दर्शन और दीपदान पूरा करने के बाद सभी लोग वापस प्रयागराज लौट रहे थे.
चित्रकूट के जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने बताया कि यह दुर्घटना रायपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव के पास हुई.
मध्य प्रदेश में पंजीकृत ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक अचानक टूटकर अलग हो गया. हुक अलग होते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गई.
हादसे के दौरान 6 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई. घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि सात अन्य को मामूली चोटें आई हैं.