रायगंज का दरिंदा ढेर: 4 महीने में भाजपा सरकार के दौरान पश्चिम बंगाल में चौथा एनकाउंटर
रायगंज में नाबालिग से बर्बरता के आरोपी दिलीप राय के मुठभेड़ में मारे जाने के साथ ही पश्चिम बंगाल में बीते चार महीनों के भीतर एनकाउंटर की यह चौथी घटना दर्ज की गई है.
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के रायगंज में एक नाबालिग बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या के मुख्य आरोपी दिलीप राय को पुलिस ने सोमवार तड़के एनकाउंटर में मार गिराया. राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद पिछले चार महीनों के दौरान पुलिस एनकाउंटर की यह चौथी घटना है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची मंगलवार 3 नवंबर 2026 को लापता हुई थी, जिसके बाद गुरुवार 5 नवंबर 2026 को उसका क्षत-विक्षत शव कुलिक वाइल्डलाइफ सेंचुरी से बरामद किया गया था. परिजनों की शिकायत पर रायगंज थाने में बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी दिलीप राय की तलाश कर रही थी.
सोमवार 9 नवंबर 2026 तड़के लगभग 3:30 बजे पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी गौरी गांव इलाके से बिहार भागने की फिराक में है.
जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी. पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में दिलीप राय गोली लगने से ढेर हो गया. उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस को ऐसी कार्रवाई करनी ही होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सब कानून-व्यवस्था का पालन करते हैं तो कुछ नहीं होगा, लेकिन यदि आरोपी कानून से भागने या बचने की कोशिश करेंगे तो पुलिस अपना कर्तव्य निभाएगी.
उल्लेखनीय है कि इस घटना से ठीक 13 दिन पहले, 28 अक्टूबर को राज्य में 12 घंटे के भीतर दो एनकाउंटर हुए थे. 27 अक्टूबर की दोपहर मुर्शिदाबाद में भाजपा कार्यकर्ता सुजीत मोंडल की हत्या के मुख्य आरोपी समउल शेख को मुठभेड़ में मार गिराया गया था.
उससे करीब 12 घंटे पहले उत्तर 24 परगना के गायघाटा में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी प्रहलाद दास को तड़के 3:30 बजे एनकाउंटर में ढेर किया गया था.
इससे पहले 8 जुलाई को दक्षिण 24 परगना के बारूईपुर में भी नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी प्रभास मोंडल को क्राइम सीन रीकस्ट्रक्ट करने ले जाने के दौरान मुठभेड़ में मार गिराया गया था.
हाल ही में 3 नवंबर को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि राज्य में माताओं और बहनों को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.