लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को TMC का समर्थन
कोलकाता । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने का फैसला किया है. पार्टी सूत्रों के अनुसार, सोमवार, 9 मार्च 2026 से शुरू हो रहे बजट सत्र के दूसरे चरण में टीएमसी इस प्रस्ताव के साथ खड़ी होगी.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले टीएमसी सांसदों ने इस नोटिस पर हस्ताक्षर नहीं किए थे.
विपक्ष के करीब 118 सांसदों द्वारा दिए गए इस नोटिस में स्पीकर पर पक्षपातपूर्ण तरीके से कार्य करने का आरोप लगाया गया है.
विपक्षी दलों का कहना है कि बजट सत्र के पहले चरण के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के समय विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य नेताओं को बोलने की अनुमति नहीं दी गई.
साथ ही, आठ सांसदों के निलंबन को भी इस विरोध का मुख्य कारण बताया गया है. सोमवार की कार्यसूची में इस संकल्प को सूचीबद्ध कर लिया गया है, जिससे सदन में भारी हंगामे के आसार हैं.